10 तारीख को लाड़ली बहनों के खातों में जायेगी राशि, 28 अगस्त को मुख्यमंत्री करेंगे संवाद
06-Aug-2023 10:25 AM 1234769

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में शुरू की गई मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना केवल योजना ही नहीं, बल्कि बहनों का जीवन बदलने का अभियान है। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना ने महिलाओं को धनराशि दिलाने के साथ मन में विश्वास और आत्म-सम्मान भी बढ़ाया है। बेटी के बगैर जीवन-चक्र नहीं चल सकता है। इस बात को ध्यान में रखते हुए बालिका और महिला केन्द्रित महत्वाकांक्षी योजनाएँ मध्यप्रदेश सरकार ने शुरू की है। प्रदेश में इस योजना का लाभ एक करोड़ 25 लाख बहनों को मिल रहा है, जिनके बैंक खाते में प्रतिमाह की 10 तारीख को 1000 रूपये की राशि जमा कराई जा रही है। योजना के दूसरे चरण में 21 से 23 साल की बहनों का पंजीयन किया जा रहा है। अगले माह छूटी हुई बहनों का पंजीयन किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान टीकमगढ़ जिले की जतारा तहसील के वेरवार गाँव में लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने विकास पर्व के दौरान 138 करोड़ 8 लाख रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेन्द्र कुमार, विधायक श्री हरिशंकर खटीक, श्री राहुल सिंह, डॉ. शिशुपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक श्रीमती अनीता नायक सहित जन-प्रतिनिधि और हजारों लाड़ली बहनें एवं नागरिक उपस्थित थे।

© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^