शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण-संरक्षण सहित विभिन्न क्षेत्रों में जनजाति कल्याण केन्द्र द्वारा किये जा रहे उल्लेखनीय कार्य : राज्यपाल श्री पटेल
26-May-2023 10:05 AM 1234770

राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज डिंडौरी जिले के बरगांव में नर्मदांचल विद्यापीठ के नवीन परिसर एवं छात्रावास का शिलान्यास किया। उन्होंने सिलगी नदी पर निर्मित नवीन घाट एवं सीढ़ी निर्माण कार्य का लोकार्पण कर गो-शाला, निर्माणाधीन स्कूल परिसर एवं छात्रावास का निरीक्षण भी किया। बरगांव में साउथ ईस्ट कोल्ड फील्ड लिमिटेड बिलासपुर के सीएसआर मद से लगभग 18 करोड़ रूपए लागत से नर्मदांचल विद्यापीठ स्कूल एवं छात्रावास का निर्माण कार्य किया जा रहा है। राज्यपाल श्री पटेल एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दिव्यांग सहायक उपकरण वितरण शिविर तथा स्वास्थ्य शिविर का भी शुभांरभ कर दिव्यांगों को मोटराईज्ड ट्राईसाईकल एवं सहायक उपकरण वितरित किये। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सिद्ध महाराज मंदिर में पूजा-अर्चन कर प्रदेशवासियों की कुशल मंगल की कामना की।

      राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि जनजाति कल्याण केंद्र महाकौशल बरगांव समाज के विकास में सतत रूप से कार्य कर रहा हैं। यहाँ शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण-संरक्षण सहित अन्य विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किये जा रहे हैं। इसके लिए संस्था से जुड़े सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं। राज्यपाल ने नर्मदांचल विद्यापीठ की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं प्रबंधन की सराहना की। उन्होंने राज्य शासन द्वारा संचालित सिकल सेल उन्मूलन कार्यक्रम उल्लेख करते हुए उपस्थित जनजातीय बंधुओं को अनिवार्य रूप से अपनी एवं अपने परिजन की सिकल सेल जाँच कराने एवं अन्य को भी जाँच के लिये प्रेरित किया। राज्यपाल श्री पटेल ने केन्द्र सरकार के लक्ष्य अनुसार वर्ष 2025 तक टीबी एवं 2047 तक सिकल सेल का सम्पूर्ण उन्मूलन करने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^