बंद कमरे में गठबंधन का नाम इंडिया रखने से कोई इंडिया नहीं बन जाएगाः सरमा
18-Sep-2023 05:37 PM 1234790
विदिशा, 18 सितंबर (संवाददाता) असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ को लेकर आज उन पर हमला किया और कहा कि बंद कमरे में गठबंधन का नाम इंडिया रखने से कोई इंडिया नहीं बन जाएगा। श्री सरमा ने यह बात ग्वालियर-चंबल संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा के विदिशा के सिरोंज पहुंचने पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया अलायंस बनाया है। बंद कमरे में बैठकर अपने गठबंधन का नाम इंडिया रखने से कोई इंडिया नहीं बन जाता। डुप्लीकेट नाम रखने से कोई ओरिजनल इण्डिया नहीं बन जाता। असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि वे यहां आशीर्वाद लेने आए थे, लेकिन उन्होंने यहां देखा तो महसूस किया कि यहां की जनता तो कमल के फूल को पहले ही आशीर्वाद दे चुकी। हम कांग्रेस जैसे नहीं है, हम भाजपा है, जिसके लिए जनता ही भगवान होती है। जब हम अपनी सुबह की शुरुआत करते हैं तो माता-पिता या भगवान का आशीर्वाद लेकर करते हैं। देश की जानता भी हमारे लिए भगवान से कम नहीं है और हम देश को चलाने जैसा शुभ कार्य करने जा रहे हैं तो आशीर्वाद लेना हमारे लिए जरूरी है। इसीलिए यह जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली जा रही हैं। आपका आशीर्वाद मिलेगा तो भाजपा की सरकार प्रदेश में जो काम छूट गए हैं उन्हें पहली प्राथमिकता में पूरा करेगी। श्री सरमा ने कहा कि वे तो कांग्रेस से कहते हैं कि अगर आप इतना ही सनातन को मानते हैं तो आप भी आशीर्वाद यात्राएं निकालिए, आप क्यों जन आक्रोश यात्रा निकाल रहे हैं। कांग्रेस ऐसा इसलिए करने के लिए मजबूर हैं, क्योंकि कांग्रेस ने कोई ऐसा काम नहीं किया है, जिससे जनता उन्हें आशीर्वाद दे। कांग्रेस किस मुंह से जनता के पास जाएगी। इसी से परेशान होकर कांग्रेस जनाक्रोश यात्रा निकालने को मजबूर हुई है। इस तरह के ढोंग करने से कुछ होने वाला नहीं है, क्योंकि देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस के काले कारनामों को भलीभांति जानती है। उन्होंने कहा कि जनता का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर अटूट विश्वास है। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो कांग्रेस नेता मंदिरों में जाकर हनुमान चालीसा और रामचरित मानस का पाठ करने का ढोंग करते हैं दूसरी तरफ घमंडिया गठबंधन के लोग हिंदुओं, हिंदू धर्म और भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते हैं। लेकिन उनके सवाल उठाने से ना तो हिंदू धर्म खत्म हुआ है ना खत्म होगा, ना उसके अस्तित्व पर कोई फर्क पड़ता है और न ही आगे पड़ेगा, क्योंकि सनातन हजारों वर्षों से अस्तित्व में है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^