भादरा में तीन दिवसीय पंचदेव प्रतिष्ठा महोत्सव का आगाज
08-Feb-2023 08:35 PM 1234665
हनुमानगढ़ 08 फरवरी (संवाददाता) अखिल भारत वर्षीय धर्मसंघ एवं स्वामी करपात्री फांउडेशन के तत्वावधान में हनुमानगढ़ जिले के भादरा में यज्ञ सम्राट प्रबल महाराज की कुटिया में बुधवार को तीन दिवसीय पंचदेव प्रतिष्ठा महोत्सव का आगाज हुआ। सौ कुंडीय पंचदेव महायज्ञ, श्रीमद भागवत कथा एवं पंचदेव प्रतिष्ठा महोत्सव से पूर्व देह शुद्धि के लिए प्रायश्चित पूजन के साथ यज्ञ मंडप प्रवेश करके सभी वैदियों का आह्वान एवं स्थापना की गई। साथ ही प्रबल महाराज के संकल्प को साकार रूप में क्रियान्वित कर रहे डॉ. गुणप्रकाश चैतन्य महाराज ने समस्त नगरवासियों के प्रतिनिधि रूप में रहकर पूजन संपादित किया। भगवान सूर्य नारायण, भगवान विष्णु, मां दुर्गा, गणेशजी महाराज, नंदीश्वर भगवान की दिव्य विग्रह को जलाधिवास, घ्रताधिवास एवं धूपाधिवास आदि वैदिक परम्परा से यजन किया गया। महाशिवरात्रि महोत्सव के तहत नौ फरवरी को लुहारीवाला अतिथि सदन से अपराह्न दो बजे 5100 महिलाओं के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। डॉ. गुणप्रकाश चैतन्य महाराज के सानिध्य में श्रद्धालुगणों के साथ नगर भ्रमण के साथ कलश यात्रा मुख्य कार्यक्रम स्थल प्रबल जी की कुटिया पहुंचेगी। महोत्सव के तहत 11 से 17 फरवरी तक पंचदेव महायज्ञ एवं श्रीमद भागवत कथा होगी। आयोजन समिति के सदस्य मांगीलाल महिपाल ने बताया कि इस दौरान कई और कार्यक्रम भी होंगे, जिनमें 12 फरवरी को रात आठ बजे से दीपदान सहित सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ, 14 फरवरी को रात आठ बजे से सुंदरकांड मित्र मंडल, भादरा की ओर से सुंदरकांड का पाठ तथा 15 फरवरी को रात आठ बजे से भजन संध्या का भी आयोजन किया जाएगा जबकि 17 फरवरी को शाम सात बजे से अखंड भंडारा होगा। इस आयोजन के लिए देशभर से संतों का आगमन शुरू हो चुका है। बृजघाट से त्रंबकेश्वर चैतन्य महाराज एवं अनंत विभूषित 108 श्रीकृष्ण बोध आश्रम महाराज, मधु महाराज के साथ यहां पहुंचने पर हिसार बाईपास पर गणमान्य नागरिकों, विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारियों एव सदस्यों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर शास्त्रीय विधि के तहत प्रबल जी महाराज की कुटिया के यज्ञ स्थल पर त्रंबकेश्वर चैतन्य महाराज के कर कमलों से 51 फुट ऊंचे धर्म ध्वज का रोपण किया गया। इस दिव्य अवसर पर काशी, वृंदावन, हरिद्धार, नेपाल, कुरूक्षेत्र आदि प्रांतों से आचार्य पधार रहे हैं। महाशिवरात्रि महोत्सव के पहले दिन स्थानीय विधायक बलवान पूनियां भी इसमें शामिल हुए और प्रबल महाराज की कुटिया पहुंचकर त्रंबकेश्वर चैतन्य महाराज व डॉ. गुणप्रकाश चैतन्य महाराज से शिष्टाचार भेंट कर उनसे आर्शीवाद लिया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^