02-Aug-2023 07:26 PM
1234650
उज्जैन, 02 अगस्त (संवाददाता) केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मध्यप्रदेश चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने आज कहा कि राष्ट्र और प्रदेश को परम वैभव की ओर ले जाने का काम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ता ही कर सकते हैं। श्री तोमर ने यहां उज्जैन संभागीय कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जब-जब पार्टी कार्यकर्ता दृढ़ निश्चय के साथ मैदान में उतरे हैं और मन लगाकर काम किया है, तब-तब पार्टी ने बहुमत से जीत हासिल की है। आने वाले समय में विधानसभा और लोकसभा के चुनाव होने जा रहे हैं। इन चुनावों में जीत के लिए आपको अभी से जुटना होगा। तभी राष्ट्र को परम वैभव पर पहुंचाने की हमारी संकल्पना पूरी होगी। केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि भाजपा की केंद्र एवं राज्य सरकारों ने जनकल्याणकारी कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी है। मध्यप्रदेश सरकार ने लाडली लक्ष्मी, लाडली बहना जैसी योजना चलाई जिससे महिलाओं का आत्मसम्मान बढ़ा है। वहीं केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री आवास, उज्जवला, आयुष्मान भारत जैसी कई योजनाएं चलाईं जिनसे जनता का कल्याण हुआ है। पहले गरीब बैंकों तक पहुंच नहीं पाते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने उनके जनधन खाते खोले और आज गरीब से गरीब आदमी भी बैंक जा रहा है। सरकार सीधे योजनाओं के पैसे खाते में डाल रही है, इससे गरीब व्यक्ति को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधोसंरचना की बात करें तो 2003 के पहले मध्यप्रदेश में मि. बंटाधार मुख्यमंत्री हुआ करते थे और प्रदेश की सड़कों पर चुटकुले बनने लगे थे। वर्ष 2003 के बाद से जब से भाजपा की सरकार आई है, तब से प्रदेश की सभी सड़कें बढ़िया हो गई हैं और प्रदेश में पहले सिर्फ 6 मेडिकल कॉलेज थे। अब मेडिकल कॉलेज की संख्या 25 के करीब हो गयी है। केंद्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि भाजपा एक ऐसा संगठन है, जिसने कोरोना महामारी के समय सरकार के कंधे से कंधा मिलाकर जनता की काफी मदद की। हमारी पार्टी का कार्यकर्ता प्राण-प्रण और तन, मन एवं धन से जरूरतमंदों की सेवा में जुटा हुआ था। हमारी सरकारों ने जरूरतमंदों को दवाएं, राशन उपलब्ध कराकर कठिन समय में उनकी सहायता की। प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार ने काफी कम समय में चिकित्सा उपकरण और दो-दो वेक्सीन उपलब्ध कराई और देश की जनता को उस महामारी से बचाया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने खूब जन कल्याणकारी काम किए हैं और विकास भी किया है। लेकिन अब फिर से विधानसभा चुनाव आ रहे हैं और एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनाने के लिए आप कार्यकर्ताओं को लगना पड़ेगा। आप सब को बूथ स्तर तक जाकर सरकार की योजनाओं का ठीक ढंग से प्रचार-प्रसार करना होगा और जनता से सीधे बात करना पड़ेगी। तभी विधानसभा और लोकसभा दोनों चुनावों में हमारी जीत होगी। उन्होंने कहा कि हमें कांग्रेस को परास्त करना है और इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं का सहयोग जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान जगदीश चंद्र बोरासी तथा कांग्रेस के नेता रूपम व्यास ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। केंद्रीय मंत्री ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर उन्हें पार्टी में शामिल किया।...////...