दंत चिकित्सक प्रशिक्षण कार्यशाला स्वास्थ्य राज्य सरकार की प्राथमिकता-गहलोत
08-Jan-2023 06:41 PM 1234643
जयपुर, 08 जनवरी (संवाददाता) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार की स्वास्थ्य सबसे बड़ी प्राथमिकता बताते हुए कहा है कि आमजन को स्वास्थ्य बीमा देने में राजस्थान देश में प्रथम स्थान पर है और प्रदेश के नब्बे प्रतिशत लोगों को मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत कवर किया गया है जबकि देश में मात्र 41 प्रतिशत लोगों के पास स्वास्थ्य बीमा है। श्री गहलोत रविवार को एसएमएस मेडिकल कॉलेज में राजस्थान स्टेट डेंटल काउंसिल द्वारा आयोजित राष्ट्रीय दंत चिकित्सक प्रशिक्षण कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समय के साथ लोगों की अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है। इसी क्रम में दंत चिकित्सा का महत्व भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि जयपुर डेंटल कॉलेज में अत्याधुनिक सुविधाओं के विकास के लिए 100 करोड़ रूपए का बजट आवंटित किया गया है। साथ ही, जोधपुर में भी डेंटल कॉलेज खुलने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में दंत चिकित्सा में अभूतपूर्व प्रगति हुई है, जिसके कारण आज प्रदेश में 14 निजी डेन्टल कॉलेज संचालित है। आज हर शहर में उत्कृष्ट डेंटल अस्पताल खुल चुके हैं, जहां अत्याधुनिक तकनीकों से दांतों का इलाज किया जा रहा है। आने वाले बजट में दंत चिकित्सा से संबंधित सभी मांगों का विशेष ध्यान रखा जाएगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^