03-Aug-2023 05:09 PM
1234650
भोपाल, 03 अगस्त (संवाददाता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजधानी के रवींद्र भवन में आज ‘उत्कर्ष और उन्मेष’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया और कार्यक्रम में उपस्थित रहीं, यह हम सभी प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। श्री शर्मा ने यह बात मध्यप्रदेश यात्रा के लिए राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू का आभार प्रकट करते हुए कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू जनजातीय समाज की पहली महिला राष्ट्रपति हैं और वे देश की महिलाओं के साथ-साथ जनजातीय समाज के लिए भी आदर्श हैं। यही वजह है कि उनकी उपस्थिति से प्रदेश का जनजातीय समाज आनंद का अनुभव कर रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि श्रीमती मुर्मू ने वर्ष 1997 में ओडिशा के रायरंगपुर नगर पंचायत में एक पार्षद के रूप में अपना राजनीतिक कैरियर शुरू किया और फिर वर्ष 2000 में वह ओडिशा सरकार में मंत्री बनीं। अपनी योग्यता के बल पर श्रीमती मुर्मू 18 मई 2015 को झारखंड की 9वीं राज्यपाल बनाई गईं और 12 जुलाई 2021 तक इस पद पर अपनी सेवाएं दी। गत वर्ष जब एनडीए की ओर से उन्हें राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था, तभी प्रदेश के जनजातीय समाज में खुशी और उत्साह की लहर दौड़ गई थी। आज जब प्रदेश के जनजातीय भाई-बहन उन्हें राष्ट्रपति के रूप में अपने बीच पाते हैं, तो उनके आनंद की सीमा नहीं रहती। श्री शर्मा ने कहा कि यह प्रदेश के जनजातीय समाज का प्रबल आग्रह ही है, जिसके चलते राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू सर्वाधिक पांचवीं बार मध्यप्रदेश की यात्रा पर आयीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 70 सालों तक जनजातीय समाज को सिर्फ वोट बैंक के नजरिए से देखती रही, कभी उनकी भलाई के लिए कोई प्रयास नहीं किए। उनके विकास और उत्थान की कोई ठोस कार्ययोजना नहीं बनाई। जबकि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार ने इस वर्ग के उत्थान और विकास के लिए निर्णय लेकर उन्हें अमलीजामा पहनाया।...////...