देवनानी सर्वसम्मति से राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष निर्वाचित
21-Dec-2023 07:05 PM 1234669
जयपुर 21 दिसंबर (संवाददाता) राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी को गुरुवार को यहां निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष चुन लिया गया। राज्य की सोलहवीं विधानसभा के पहले सत्र के दूसरे दिन अस्थाई अध्यक्ष कालीचरण सराफ के सदन की कार्यवाही अपराह्न साढ़े तीन बजे फिर शुरु करते ही मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने श्री देवनानी को सोलहवीं विधानसभा का अध्यक्ष निर्वाचित करने का प्रस्ताव पेश किया। पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस विधायक सचिन पायलट ने इसका अनुमोदन किया। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने भी श्री देवनानी को विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित करने के संबंध में प्रस्ताव रखा जिसका अनुमोदन भारतीय आदिवासी पार्टी (बीएपी) के विधायक राजकुमार रोत ने किया। इसके पश्चात उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने श्री देवनानी को अध्यक्ष निर्वाचित करने का प्रस्ताव किया जिसका निर्दलीय विधायक चन्द्रभान सिंह ने अनुमोदन किया। इसी तरह राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के विधायक हनुमान बेनीवाल ने श्री देवनानी को अध्यक्ष निर्वाचित करने का प्रस्ताव रखा जिसका राष्ट्रीय लोकदल के विधायक सुभाष गर्ग ने अनुमोदन किया। इसके बाद सदन सर्वसम्मति से श्री देवनानी को राजस्थान की सोलहवीं विधानसभा का अध्यक्ष चुन लिया और अस्थाई अध्यक्ष श्री सराफ ने इसकी घोषणा की। इसके बाद सभी विधायक आसन तक श्री देवनानी के साथ आये और मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री सहित श्रीमती राजे, श्री पायलट, कांग्रेस के गोविंद सिंह डोटासरा सहित सभी विधायकों ने उन्हें अध्यक्ष निर्वाचित होेने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^