01-Sep-2023 12:13 PM
1234638
नीमच, 01 सितंबर (संवाददाता) देश में एक देश-एक चुनाव की अटकलों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज कहा कि ये संविधान संशोधन का विषय है और इसमें राज्योंं की अनुमति भी आवश्यक होगी। श्री कमलनाथ ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि ये संविधान संशोधन का विषय है। इसे केवल लोकसभा और राज्यसभा में पास होना पर्याप्त नहीं, इसमें राज्यों की अनुमति भी आवश्यक होगी। आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में श्री कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस की पहली सूची जल्द ही जारी होगी, परंतु पार्टी को जिसे इशारा करना था, वह कर दिया गया है। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को सावन में 450 रुपए में गैस सिलेंडर दिए जाने पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 500 रुपए में सिलेंडर देने की बात की थी। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा ने उनकी (श्री कमलनाथ की) मांग पर कुछ तो एक्शन लिया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के कई नेता उनके संपर्क में हैं। कांग्रेस का स्थानीय संगठन अगर राजी होगा तभी भाजपा के लोगों को कांग्रेस में प्रवेश दिया जाएगा। उन्होंने नीमच में अल्प वर्षा के कारण किसानों को हुए नुकसान के मुद्दे पर आरोप लगाया कि राज्य सरकार इस पर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने शासन से मांग की कि किसानों को जल्द मुआवजा दिया जाए।...////...