05-Aug-2023 04:04 PM
1234655
जयपुर 05 अगस्त (संवाददाता) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम से प्रदेश में खेल प्रेमियों के बहुप्रतीक्षित राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलिंपिक खेल-2023 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में श्री गहलोत ने खिलाड़ियों को खेल मशाल सौंपकर प्रज्ज्वलित कराई। साथ ही खिलाड़ियों को खेल भावना और ईमानदारी से खेलने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को मंच और सम्मान देना हमारी जिम्मेदारी है। इसमें कमी नहीं रखी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बड़े स्तर पर खेल माहौल तैयार करने के लिए गत वर्ष राजीव गांधी ग्रामीण ओलम्पिक खेल का आयोजन किया गया था। इसमें हर वर्ग और उम्र के लगभग 30 लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया। यह संख्या इस बार 58.51 लाख पहुंचना एक रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि इन खेलों से शहरों से लेकर हर गांव-ढाणी में खेलों का सकारात्मक माहौल बनेगा। इससे आने वाले वर्षों में ओलम्पिक, कॉमनवेल्थ, एशियन जैसे विश्वस्तरीय आयोजनों में राजस्थान के खिलाड़ी पदक जीतते नजर आएंगे। श्री गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार ने खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन में कोई कमी नहीं रखी है। आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी, नौकरियों में आरक्षण, पुरस्कार विजेता राशि में कई गुना बढ़ोतरी, खेल मैदानों का विकास सहित हरसंभव प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब देश के अन्य राज्यों में राजीव गांधी ग्रामीण एवं शहरी ओलम्पिक खेल और राज्य की खेल नीतियों की चर्चा होना हमारी खेल के प्रति दूरदृष्टि और सफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस बार का बजट युवाओं को समर्पित किया था। इसमें युवा केन्द्रित योजनाएं लागू की गई। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे योजनाओं का अध्ययन करें और अधिकाधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना में प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी, राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस में 500 होनहार विद्यार्थियों को विदेश में शिक्षा, 100 जॉब फेयर का आयोजन सहित कई प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारा विजन 2030 है, हम चहुंमुखी विकास के साथ देश के अग्रणी राज्यों में खड़े होंगे। श्री गहलोत ने बॉक्सिंग खिलाड़ी खुशी पूनिया, कुश्ती खिलाड़ी अश्विनी विश्नोई, कबड्डी खिलाड़ी जय भगवान, एथलीट नीरज बालोदा, शूटिंगबॉल खिलाड़ी मुस्कान काठेड और शिरीन खान को खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में नवीनीकरण के बाद तैयार आठ लेन के अंतर्राष्ट्रीय स्वीमिंग पूल का लोकार्पण किया।...////...