23-Dec-2021 06:50 PM
1234655
चित्तौड़गढ़ 23 दिसम्बर (AGENCY) राजस्थान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पुनिया ने प्रदेश में पिछले तीन वर्षों में महिलाओं पर बढ़े अपराधों पर गहलोत सरकार पर बड़ा हमला करते हुए आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री महिलाओं पर हुए अपराधों में से आधे अपराधों को झूठा बताकर हमारी माताओं बहनों को अपमानित कर रहे हैं।
श्री पुनिया ने यहां राज्य सरकार के विरूद्ध जन आक्रोश रैली के बाद पत्रकारों को बताया कि आश्चर्यजनक रूप से पिछले तीन वर्षों मेंं कुल साढ़े छह लाख अपराध दर्ज हुए हैं और उनमें से 5310 प्रकरण वंचितों, दलितों एवं महिलाओं पर हुए है और आश्चर्यजनक रूप से मुख्यमंत्री इनमें से 47 प्रतिशत अपराधों को झूठा बताकर प्रदेश की माताओं एवं बहनों को अपमानित कर रहे है। उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था पर बिगड़े हालातों पर बाड़मेंर में आरटीआई कार्यकर्ता के साथ अमानवीय घटना का उदाहरण देते हुए कहा कि जनता का पुलिस व सरकार पर से इकबाल उठ गया है।
प्रदेश में बेरोजगारी पर भी डा पुनियां ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सेंटर फॉर इकोनोमी संस्था का सर्वे बताता है कि प्रदेश में 27.3 प्रतिशत बेरोजगारी है जो देश में सर्वाधिक है। किसानों की कर्ज माफी पर भी सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश के साठ लाख किसानों पर एक लाख 20 हजार करोड़ रूपये का कर्ज है जबकि 2018 में राहुल गांधी की कर्ज माफी घोषणा पर यह सरकार में आए थे।
डॉ. पुनियां ने दो दिन पूर्व भाजपा के एक प्रदर्शन के दौरान हुई गुटबाजी जिसमें आपसी हाथापाई के साथ पूर्व मंत्री जसवंत यादव के चित्र पर जूतों की माला पहनाने के सवाल पर घटना की जानकारी होने से इंकार कर दिया वहीं आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा प्रोजेक्ट करने के सवाल पर कहा कि यह केंद्र तय करेगा और प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता ही पार्टी का चेहरा होगी।
मेवाड़ के चित्तौड़गढ़ की आक्रोश रैली के पीछे चुनावी अभियान के सवाल को टालते हुए उन्होंने कहा कि मै मेवाड़ के सभी जिलों में जाने वाला हूं। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की यात्राओं पर भी उन्होंने कहा कि राजनेताओं का मुवमेंट चलता रहता है। इससे पूर्व उन्होंने यहां आयोजित एक विशाल जन आक्रोश रैली को सम्बोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से अगले दो साल जन सम्पर्क कर कांग्रेस सरकार को जड़ से उखाड़ फैंकने का आव्हान किया।
रैली के बाद वे स्वयं हजारों कार्यकर्ताओं के साथ एक किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्ट्री पहुंचकर राज्य सरकार के विरूद्ध आक्रोश प्रदर्शित किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्रीचंद कृपलानी, सांसद चंद्रप्रकाश जोशी सहित जिले से पार्टी के तीनों विधायक व जिलाध्यक्ष गौतम दक भी उपस्थित रहे और कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया।...////...