13-Aug-2023 06:29 PM
1234799
रायसेन, 13 अगस्त (संवाददाता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि आज प्रदेश में झूठ बोलने वाली ताकतें घूम रहीं हैं और हमें ऐसे ताकतों को जवाब देना होगा, इसलिए भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता बूथ पर इनकी झूठ की हांडी को फोड़ने का काम करें। श्री शर्मा ने यह बात आज जिले के उदयपुरा विधानसभा के बरेली में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस ने दशकों तक राज किया और सिर्फ भ्रष्टाचार, घोटाला, गरीबी, भुखमरी, बीमारी, बेरोजगारी और झूठ परोसने का काम किया है। वर्ष 2003 के पहले प्रदेश में सड़क, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं का अभाव था और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। लेकिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने प्रदेश को विकसित राज्यों की कतार में पहुंचाया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2018 में गलती से कांग्रेस की सरकार बन गई थी, लेकिन उस सरकार ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया और गरीब कल्याण की योजनाओं को बंदकर हर गरीब का हक छीनने का काम किया। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा था कि किसानों का कर्जा माफ करेंगे। किसान का कर्जा माफ तो नहीं हुआ लेकिन डिफाल्टर जरूर बन गए। भाजपा सरकार ने इन किसानों के 2200 करोड़ की राशि बैंकों में जमा कर उन्हें नॉन-डिफाल्टर बनाने का काम किया। कांग्रेस सरकार में नौजवानों के लिए बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया गया, लेकिन युवाओं के साथ भी झूठ बोला गया और एक भी नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता नहीं मिला। श्री शर्मा ने कहा कि कल तो कांग्रेस के झूठ बोलने की पराकाष्ठा ही पार हो गयी। कल कांग्रेस ने एक झूठा पत्र वायरल कर प्रदेश सरकार को बदनाम करने का काम किया है। हद तो देखिए बिना पत्र की सत्यता का पता लगाए बिना कांग्रेस नेताओं ने ट्वीट कर दिया। हमने इसका जवाब दिया और कल कांग्रेस नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी। हमें आंख में आंख मिलाकर जवाब देना होगा। इस दौरान मंच पर पूर्व मंत्री और विधायक रामपाल सिंह, पूर्व विधायक रामकिशन पटेल, शिवाजी पटेल, जिला प्रभारी सुधीर अग्रवाल, जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा, रामकिशन चौहान, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शनसिंह चौधरी, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नरेन्द्र शिवाजी पटेल सहित कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।...////...