16-Jul-2023 07:33 PM
1234659
जयपुर 16 जुलाई (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कांग्रेस की यूपीए सरकार का मतलब उत्पीड़न, पक्षपात और अत्याचार बताते हुए कहा है कि कांग्रेस केवल मां-बेटे की पार्टी बनकर रह गई और उसके मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित अन्य सब नेता कांट्रेक्ट पर हैं। श्री नड्डा रविवार को यहां बीलवा में भाजपा के राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ “नहीं सहेगा राजस्थान” आंदोलन की शुरुआत करने के बाद रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने यूपीए के बारे में बताते हुए कहा कि यूपीए में यू का मतलब उत्पीड़न, पी का मतलब पक्षपात और ए का मतलब अत्याचार है, इसलिए यूपीए की सरकार उत्पीड़न, पक्षपात और अत्याचार करने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक अलायंस (पीडीए) का नया शिगूफा छोड़ा है लेकिन पीडीए का मतलब है- प्रोटेक्शन ऑफ़ डायनेस्टिक अलायंस। ये अपने-अपने परिवार को बचाने के लिए गठबंधन बना रहे हैं। कांग्रेस माँ, बेटा और बेटी की पार्टी है, बाकी सब कॉन्ट्रैक्ट पर है। अशोक गहलोत भी कॉन्ट्रैक्ट पर हैं और सचिन पायलट भी। श्री नड्डा ने राज्य की कांग्रेस पर उसके शासन में भ्रष्टाचार, लूटने, दलितों एवं महिलाओं पर अत्याचार होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने तय किया है कि अगले 15 दिनों तक ‘नहीं सहेगा राजस्थान अभियान को लेकर पूरे प्रदेश में हर विधानसभा में अभियान चलाया जाएगा क्योंकि कांग्रेस की गहलोत सरकार लूटने वाली सरकार है। गरीबों का हिस्सा चोरी करना, सरेआम भ्रष्टाचार करना, भ्रष्टाचार के नित नए रिकॉर्ड बनाना - यही कांग्रेस की गहलोत सरकार का चाल, चलन और चरित्र है। उन्होंने कहा कि लूटने वाली, अत्याचारी और कुशासन वाली राजस्थान की कांग्रेस सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि ऐसी सरकार को आगामी नवंबर माह में जनता इसे बाहर का रास्ता दिखा देगी। उन्होंने कांग्रेस की गहलोत सरकार का ‘‘फेल कार्ड’’ भी जारी किया। उन्होंने कहा कि आज से शुरु हुए “नहीं सहेगा राजस्थान” यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जायेगा और इसके तहत भाजपा राज्य के दो करोड़ लोगों से संपर्क साधेगी और कांग्रेस की गहलोत सरकार की पोल-पट्टी खोलेगी। श्री नड्डा ने कहा कि रिपोर्टों के अनुसार राजस्थान में प्रतिदिन औसतन 18-19 दुष्कर्म और पांच-सात हत्या की खबरें आ रही हैं। कांग्रेस की गहलोत सरकार के शासन में हजारों महिलाओं के साथ बलात्कार की घटनाएं घटी हैं। गहलोत सरकार के मंत्री ऐसी घटनाओं के बारे में ऐसे-ऐसे वाक्य बोलते हैं कि उस वाक्य को भी दोहराने में शर्म आती है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में महिला उत्पीड़न चरम सीमा पार कर रही है। अब राजस्थान की जनता गहलोत सकार के उत्पीड़न को नहीं सहने वाली है और गहलोत सरकार को उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में गहलोत सरकार खुलेआम अन्याय और तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। जयपुर बम बलास्ट केस को गहलोत सरकार ने कमजोर किया। वोट बैंक की खातिर गहलोत सरकार ने जयपुर बम बलास्ट के आरोपियों को छोड़ने में मदद की और उनकी फांसी की सजा समाप्त हो गई उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार में राजस्थान में एक हजार से ज्यादा दंगे हुए हैं। बड़ी संख्या में दंगाइयों को छोड़ा गया है। श्री नड्डा ने कहा कि गहलोत सरकार में राजस्थान में लगभग 19 हजार 500 किसानों की भूमि जब्त कर ली गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी राजस्थान में आकर बोलते थे कि एक-दो-तीन-चार और किसानों का कर्जा माफ। इससे उलटे कांग्रेस सरकार राजस्थान के किसानों की जमीन जब्त कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में राजस्थान में दलितों पर आठ हजार से ज्यादा मुकदमें दर्ज हुए थे। गहलोत सरकार पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों के घरों पर बुलडोजर चलाती है और रोहिंग्याओं को बसाने के लिए राशन कार्ड बनवाती है। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंखना है। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने कृषि के मशीन, ट्रैक्टर आदि पर लगने वाले जीएसटी को हटाने, स्पाइस बोर्ड बनाने, पशुपालन और डेयरी को आगे बढ़ाने, एससी और एसटी का बैकलॉग खत्म करने और शहीदों के परिजनों को बसाने का वादा किया था लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। श्री नड्डा ने आरोप लगाते हुए कहा कि गहलोत परिवार के लोग हजारों करोड़ रुपये के कॉन्ट्रैक्ट ले रहे हैं। गहलोत सरकार में परिवार का पोषण चल रहा है। राजस्थान में वृद्धा पेंशन में लगभग 400 करोड़ रुपये का घोटाला हुआ। शहीदों की विधवाएं अपने हक के लिए लड़ाई लड़ रही हैं। श्री नड्डा ने कहा कि कहा कि अभी हमने सरकार के ‘फेल कार्ड का रिपोर्ट कार्ड रखा है। राजस्थान की कांग्रेस सरकार के पांच साल का रिकॉर्ड यह है कि गहलोत सरकार ने राजस्थान में भ्रष्टाचार का रिकार्ड बनाने का काम किया है। गहलोत सरकार ने अत्याचार करने का रिकार्ड बनाया है। महिलाओं, बच्चों, आदिवासियों पर अत्याचार करने में भी गहलोत सरकार ने रिकार्ड बनाया है। इसलिए भाजपा ने ‘नहीं सहेगा राजस्थान अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से राज्य की हर पंचायत और गांवों में जाकर लोगों को बताएंगे। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि इसके बाद अगले विधान सभा चुनाव में राजस्थान में भाजपा भ्रष्टाचार मुक्त और विकासयुक्त सरकार बनाएगी। उन्होंने करौली में दो दिन पहले हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह मानवता को झकझोर देने वाली घटना है। पहले बच्ची का अपहरण होता है, फिर रेप होता है। उसके बाद उसे एसिड से जला कर मार दिया जाता है, फिर उसे कुएं में फेंक दिया जाता है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की गहलोत सरकार इस मामले को दबाने के लिए हर तरह की कोशिश करती है। यह राजस्थान की कांग्रेस सरकार का कुशासन है। उन्होंने कहा कि इसी तरह दौसा में अपहरण करने का विरोध करने पर पिता को कुचल डाला और माता पर हमला करके घायल कर दिया गया। उसके बाद अपहरण करके ले गए। ये उत्पीड़न नहीं तो और क्या है। क्या इसके खिलाफ आवाज नहीं उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उत्पीड़न करने वाली गहलोत सरकार इस पर कोई जवाब क्यों नहीं दे रही। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में पूर्व में राज्यमंत्री का दर्जा लेने वाला व्यक्ति 18 लाख रुपये के साथ पकड़ा गया है। गहलोत सरकार इस मामले को भी दबाने की कोशिश कर रही है। श्री नड्डा ने कहा कि पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत राजस्थान के लगभग 40 लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं। राजस्थान में 31 लाख घरों में नल से जल पहुंचाया जा रहा है। प्रदेश में लगभग 83 लाख शौचालय बने हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत राजस्थान के लगभग 70 लाख किसानों को हर साल छह-छह हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राजस्थान में 30 लाख से ज्यादा घर बनाए गए हैं। उज्ज्वला योजना, उजाला योजना, जन धन योजना आदि योजनाओं से गरीबों का कल्याण हो रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में गरीबी तेजी से घटी है और यह अब दस प्रतिशत के नीचे आ गई है। अति गरीबी की दर भी देश में एक प्रतिशत से कम है। एक ओर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास करने वाली केंद्र सरकार है तो दूसरी तरफ राजस्थान में कांग्रेस की उत्पीड़न, पक्षपात और अत्याचार करने वाली सरकार है।...////...