कांग्रेस ने कर्जमाफी के नाम पर किसानों से धोखाधड़ी की-शिवराज
09-Dec-2022 08:37 PM 1234756
भोपाल, 09 दिसंबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अाज कहा कि कांग्रेस ने कर्जमाफी के नाम पर किसानों के साथ धोखाधड़ी की है। श्री चौहान ने मुख्यमंत्री निवास परर आयोजित किसान गौरव सम्मेलन में यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कर्जमाफी के नाम पर किसानों से धोखाधड़ी की। कर्जमाफी की राह देखते हुए कई किसान डिफाल्टर हो गए। हम कांग्रेस की धोखाधड़ी के शिकार किसानों का ब्याज जमा करके उन्हें रेगुलर करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भाजपा किसान मोर्चा द्वारा चलाए जा रहे भूमि सुपोषण अभियान के अंतर्गत किसान गौरव रथ को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा गौ आधारित प्राकृतिक खेती पर केंद्रित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सम्मेलन में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शनसिंह चौधरी ने भी संबोधित किया। श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ट्रांसफार्मर अनुदान योजना नए बजट में शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। किसानों से जिस तरह के सुझाव मिलेंगे, उसके अनुसार ट्रांसफार्मर शीघ्र बदले जाने के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की जाएगी। किसान भाई अपने खेतों तक आसानी से पहुंच सकें, इसके लिए मुख्यमंत्री खेत सड़क योजना शीघ्र प्रारंभ की जाएगी। गांवों में जो किसान लंबे समय से जमीन पर काबिज हैं, उन्हें उस भूमि का पट्टा देकर मुख्यमंत्री भू स्वामित्व योजना के अंतर्गत जमीन का मालिकाना हक दिया जाएगा। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष दर्शनसिंह चौधरी ने कहा कि किसान मोर्चा केंद्र व राज्य सरकारों की किसान हितैषी योजनाओं का गांव-गांव में प्रचार-प्रसार करेगा। शिवराज सरकार ने गांव, गरीब और किसानों के हित के लिए अनेक किसान कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना से प्रदेश के 82 लाख किसान लाभान्वित हो रहे हैं। भाजपा की सरकार ने प्रदेश में सिंचित रकबे को 7 लाख हैक्टेयर से 45 लाख लाख हेक्टेयर तक पहुंचा दिया है। वहीं, सरकार किसानों को बिजली बिलों में 92 प्रतिशत तक अनुदान दे रही है। गाँव के लिए भी 24 घंटे बिजली, शून्य प्रतिशत ब्याज पर किसानों को ऋण सहित ग्रीष्मकालीन मूंग का समर्थन मूल्य पर उपार्जन जैसी अनेक योजनाएं हमारी सरकार चला रही है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^