09-Nov-2023 08:13 PM
1234653
नर्मदापुरम, 09 नवंबर (संवाददाता) केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मध्यप्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए आज कहा कि इनकी पंद्रह महीने की सरकार में प्रदेश का विकास नहीं, केवल गरीब कल्याण की योजनाओं को बंद करने का काम किया गया है। श्रीमती ईरानी ने जिले के होशंगाबाद विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी डॉ सीतासरन शर्मा के समर्थन में इटारसी में जनसभा का संबोधित करते हुए यह बात कही। श्रीमती ईरानी ने सोहागपुर से पार्टी प्रत्याशी विजय पाल सिंह के समर्थन में बाबई में भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पंद्रह महीने के लिए कांग्रेस नेता कमलनाथ मुख्यमंत्री बने तो उन्होंने विकास कार्यों पर रोक लगाने के साथ गरीब कल्याण की योजनाएं बंद कीं। अगर धोखे से भी मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन गई तो लाड़ली बहना योजना को बंद कर देगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार ने ही विकास कार्य किए हैं। 2003 के पहले यहां कांग्रेस की सरकार थी और प्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी में शामिल था। भाजपा की सरकार बनने के बाद मध्यप्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए गए। 2014 में केंद्र में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से डबल इंजन की सरकार ने दोगुनी रफ्तार से मध्यप्रदेश का विकास किया है। उन्होंने कहा कि 17 नवंबर को कमल का बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशियों को जिताकर गरीब कल्याण की योजनाओं को बंद करने वाली कांग्रेस को जवाब दें। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि यह चुनाव विधानसभा का चुनाव नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे खुद कह गए हैं, महाभारत का युद्ध है। पांडव हम हैं। कौरव वे खुद हैं। यह धर्म युद्ध है, जिसमें जीत हमेशा सत्य की होगी।...////...