कृषि बजट से किसानों के घर में आएगी खुशहाली-गहलोत
22-Mar-2022 10:21 PM 1234628
जयपुर, 22 मार्च (वार्ता ) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किसानों एवं पशुपालकों को देश एवं प्रदेश के विकास की मुख्य धुरी बताते हुए कहा है कि राज्य सरकार की पुरजोर कोशिश है कि किसानों की आय बढ़े और उनके घर में खुशहाली आए। श्री गहलोत राज्य बजट में की गई घोषणाओं के लिए मंगलवार को आभार व्यक्त करने मुख्यमंत्री निवास पहुंचे किसानों एवं पशुपालकों सहित अन्य प्रतिनिधिमंडलों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आबादी के इस बड़े वर्ग के कल्याण के लिए राज्य सरकार ने अनूठी पहल करते हुए पहली बार अलग से कृषि बजट प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने कहा " पिछले कार्यकाल में मैंने मुख्यमंत्री पशुधन निशुल्क दवा योजना तथा पशुपालकों को प्रति लीटर दो रूपये दुग्ध अनुदान के रूप में देने जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शुरू की थीं। इस बार के बजट में मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत अनुदान दो रूपये प्रति लीटर से बढ़ाकर पांच रूपये प्रति लीटर करने, वर्ष 2012 तक के लंबित कृषि कनेक्शन देने जैसी अहम घोषणाएं की हैं। कृषि में नवाचारों तथा तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए कई कृषि कॉलेज भी खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद हमारी सरकार ने शानदार बजट प्रस्तुत किया है। इसमें हर वर्ग की जरूरतों का ध्यान रखा गया है। शिक्षा, चिकित्सा, पानी, बिजली, सामाजिक सुरक्षा सहित सभी क्षेत्रों में कल्याणकारी घोषणाएं की गई हैं। राज्य में सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाते हुए 90 लाख लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से लाभांवित किया जा रहा है। श्री गहलोत ने कहा कि गांव-ढाणी में बसे जरूरतमंद एवं जागरूकता के अभाव में वंचित लोगों तक भी इन बजट घोषणाओं का लाभ पहुंचाएं। अजमेर, कोटा, भरतपुर, पाली, दौसा, बड़ी सादड़ी, परबतसर, लाखेरी, चिडावा, टोडाभीम आदि स्थानों से भी अलग-अलग वर्गों एवं संस्थाओं के प्रतिनिधिमंडल आभार व्यक्त करने मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री महेन्द्रजीत सिंह मालवीय, जनजाति क्षेत्रीय विकास राज्यमंत्री अर्जुन बामनिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^