महाकालेश्वर कॉरिडोर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये: शिवराज
19-Sep-2022 06:20 PM 1234770
उज्जैन, 19 सितंबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि महाकालेश्वर कॉरिडोर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये ताकि दर्शन के लिये देश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालु यहां से उनके मन में भगवान महाकालेश्वर और मन्दिर के कॉरिडोर की अमिट छाप लेकर जाए। श्री चौहान ने विश्व प्रसिद्ध भगवान महाकालेश्वर मंदिर के आसपास विकसित किए जा रहे हैं भगवान महाकालेश्वर कॉरिडोर का निरीक्षण किया। उन्होंने महाकालेश्वर कॉरिडोर में निर्मित नवग्रह मूर्तियों, भगवान शिव से सम्बन्धित कथाओं पर आधारित चित्रों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्बन्धित चित्र के नीचे सरल भाषा में उसका विवरण लिखवाया जाये, ताकि आमजन को आसानी से सम्बन्धित कथा की जानकारी प्राप्त हो। कलेक्टर आशीष सिंह द्वारा मुख्यमंत्री को महाकालेश्वर कॉरिडोर प्रोजेक्ट की विस्तार से जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकालेश्वर कॉरिडोर का जन-जन में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाये, ताकि महाकालेश्वर कॉरिडोर के उद्घाटन के पूर्व सभी को यहां की विशेषता के बारे में जानकारी मिल सके। एक वातावरण निर्मित हो। भगवान महाकालेश्वर के दर्शन के पश्चात यहां से प्रस्थान के दौरान भी लोगों को कॉरिडोर दिखाई दे। मुख्यमंत्री द्वारा कॉरिडोर में किये गये सौन्दर्यीकरण कार्य की प्रशंसा की गई। इस दौरान उनके साथ उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^