30-May-2023 07:06 PM
1234637
जयपुर, 30 मई (वार्ता ) राज्यपाल कलराज मिश्र ने मंगलवार को यहां न्यायमूर्ति ऑगस्टिन जाॅर्ज मसीह को राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई। श्री मिश्र ने न्यायमूर्ति मसीह को राजभवन में शपथ दिलाई। उन्होंने अंग्रेजी भाषा में शपथ ली। वह राजस्थान उच्च न्यायालय के 41वें मुख्य न्यायाधीश बने हैं। शपथ ग्रहण समारोह के प्रारम्भ में राज्य की मुख्य सचिव उषा शर्मा ने जस्टिस मसीह को शपथ दिलवाने का राज्यपाल से आग्रह किया। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु द्वारा जारी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति अधिसूचना एवं वारंट पढ़कर सुनाया। समारोह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. सी.पी. जोशी, मंत्रिमण्डल के सदस्य, विधायक, राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, अधिकारी, अधिवक्ता एवं जस्टिस मसीह के परिजन मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि न्यायमूर्ति मसीह का जन्म पंजाब के रोपड़ में 12 मार्च 1963 को हुआ । उन्होंने हिमाचल प्रदेश के कसौली में सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल और उत्तर प्रदेश के सैफुद्दीन ताहिर हाई स्कूल से स्कूली शिक्षा हासिल की। इसके बाद उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से एलएलबी की डीग्री हासिल की और वकालत शुरू की। इसके बाद उन्हें वर्ष 2008 में पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय में न्यायाधीश नियुक्त किया गया। वह राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश बनने तक करीब 15 साल पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश रहे।...////...