मोदी की नीति गरीबों से खींचने और उद्योगपतियों को सींचने वाली-प्रियंका
20-Oct-2023 08:52 PM 1234664
दौसा 20 अक्टूबर (संवाददाता) कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जनता की उम्मीदों को तोडने का आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीत‍ि गरीबों से खींचने और उद्योगपतियों को सींचने वाली है। श्रीमती प्रियंका गांधी शुक्रवार को दौसा जिले के कांदोली में जनसभा को संबोधित कर रही थी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि रोजगार देने वाली सरकारी सपत्तियां अपने उद्योगपति मित्रों के हवाले कर दी गई। मनरेगा को खत्म कर दिया गया। भाजपा नेता अपने और अपने उद्योगपति म‍ित्रों के ल‍िए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के मित्र इंडोनेशिया से कोयला खरीदते हैं और देश में आते-आते इसके दाम दोगुने कर देते हैं। सरकार अपने उद्योगपति मित्रों को मजबूत करने का काम कर रही है। भाजपा ने जनता की उम्मीदों को तोडा है और पीएम मोदी की नीत‍ि गरीबों से खींचने और उद्योगपतियों को सींचने वाली है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा के आज जो नेता है वो सबसे पहले अपने अहंकार एवं मान सम्मान को बढाने के लिए अपने लिए काम कर रहे है और अपने उद्योगपति मित्रो के लए काम कर रहे है जब देश के प्रधानमंत्री आठ-आठ हजार करोड़ के हवाई जहाज खरीद रहे है और वही प्रधानमंत्री कहते है कि किसानों का कर्ज माफ करने के लिए पैसे नहीं है। सताईस हजार करोड़ की इमारते बनाई जा रही है और कहते है कि ओपीएस के लिए पैसे नहीं है। श्रीमती प्रियंका गांधी ने भाजपा के नजरिये को समझने की जरुरत बताते हुए कहा “ जब जब चुनाव आता है तो धर्म और जाति की बात करते है धर्म और जाति की ऐसी बात होती है जो आपके दिल से आपके जज्बातों से जुड़ी होती है, धर्म की सुरक्षा धर्म को आगे बढ़ाने की बात इसे कोई हिन्दुस्तानी नहीं नकार सकता। लेकिन ये बातें चुनाव के समय ही क्यों उठती हैं इसे समझना होगा। उन्होंने कहा कि पैतालीस साल में अभी सबसे अधिक बेरोजगारी है। युवा सेना में भर्ती होने के लिए मेहनत करते हैं। मगर मोदी सरकार अग्निवीर योजना ले आई। अग्निवीर योजना लाकर युवाओं के भविष्य को खत्म कर दिया गया ।श्रीमती प्रियंका गांधी ने कहा “वह जहां जहां जाती है और उन्हें नौजवान मिलते है वे कहते है हमे अब हमें सेना में जाना ही नहीं है, अब हम तो इसके लिए कोशिश भी नहीं करेंगे। इस बार इस साल शायद सबसे कम आवेदन गए होंगे। क्योंकि कोई मेहनत नहीं करना चाहता इतना कि चार सालों में आपको सेना में जाकर वापस गांव आना पड़ेगा।” इस दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। जनसभा के बाद श्रीमती प्रियंका गांधी ने मेहंदीपुर बालाजी महाराज के मंदिर में दर्शन और पूजा कर जनता की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^