मोदी सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना राजस्थान में एक बड़े अभियान के रूप में लेने लगी आकार
07-Oct-2022 09:48 PM 1234642
जयपुर, 07 अक्टूबर (संवाददाता) राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां के आह्वान पर मोदी सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना राज्य में एक बड़े अभियान के रूप में आकार लेने लगी है। डा पूनियां ने गत चार अक्टूबर को बांसवाड़ा जिले में मां त्रिपुरा संदरी की पूजा-अर्चना कर नौ बेटियों के खाते खुलवाकर अपने जन्म दिन 24 अक्टूबर के उपलक्ष्य में एक लाख से अधिक बेटियों के खाते पूरे प्रदेश में खुलवाने का संकल्प लिया, वह अब सभी जिलों में रफ्तार पकड़ने लगा है, जिसके तहत उन्होंने आज टोंक भाजपा जिला इकाई द्वारा आयोजित सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 57 बेटियों के खाते खुलवाने का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, जिला प्रमुख सरोज बंसल, प्रदेश मंत्री अशोक सैनी, जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पराणा, विधायक कन्हैयालाल चौधरी आदि मौजूद थे। डॉ. पूनियां ने कहा कि भाजपा ने राजस्थान के सभी जिलों में महीनेभर में यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत राजस्थान में एक लाख से अधिक बालिकाओं का सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता खोलने का लक्ष्य रखा है, जिसके तहत आज संगठन की दृष्टि से टोंक जिले से इसकी शुरुआत की गई। डॉ. पूनियां ने कहा कि मोदी सरकार की जनकल्याकारी योजनाओं से अंतिम छोर पर खड़ा व्यक्ति लाभान्वित हो रहा है, इसका श्रेय उनके संकल्प सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास से संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि सुकन्या समृद्धि योजना बेटियों के भविष्य को संवारते हुए उनके सपनों को पंख लगा रही है, इससे नारी सशक्तिकरण को बल मिलेगा, इसके लिये हमें प्रदेश के सभी जिलों में एक बड़े अभियान के रूप में सफल बनाने में जागरूकता के साथ जुटना है। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र पराणा ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां के 57वें जन्मदिन पर 57 बालिकाओं को सुकन्या समृद्धि योजना के तहत टोंक जिला इकाई ने खाते खोलकर डायरिया सौंपी। इसके तहत टोंक जिला भाजपा ने 2100, सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया ने 5100 विधायक कन्हैयालाल चौधरी ने 2100 बालिकाओं के खाते खोलने का संकल्प लिया है। टोंक के बाद बूंदी पहुंचकर डॉ.पूनियां ने भाजपा बूंदी जिला कार्यालय का भूमि पूजन किया और सुकन्या समृद्धि योजना में खाते खुलवाने का भी शुभारंभ किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^