मुर्मू का राष्ट्रपति बनना महिला शक्ति के उत्थान में साबित होगा मील का पत्थर-पूनियां
13-Jul-2022 09:32 PM 1234652
जयपुर, 13 जुलाई (AGENCY) राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डा सतीश पूनियां ने कहा है कि द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति बनना समस्त जनजाति, गांव के अंतिम व्यक्ति और महिला शक्ति के उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा। डा पूनियां राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार श्रीमती मुर्मू के विधायकों और सांसदों से संवाद कार्यक्रम के दौरान आज यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में श्रीमती मुर्मू का राष्ट्रपति उम्मीदवार के रूप में चयन होना देश और राजस्थान के आदिवासी समाज का सम्मान तो है ही, साथ ही महिला उत्थान के लिए भी पूरी दुनिया को बड़ा संदेश है। श्रीमती मुर्मू को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाना श्री मोदी, भाजपा एवं राजग का उत्कृष्ट और शानदार निर्णय है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर प्रधानमंत्री श्री मोदी के शासनकाल में वंचित समाजों से राष्ट्रपति बनाकर पण्डित दीनदयाल उपाध्याय के अन्त्योदय के विचार को साकार करने का कार्य किया है, जिनमें श्री एपीजे अब्दुल कलाम, श्री रामनाथ कोविंद द्वारा राष्ट्रपति पद को सुशोभित करना और अब श्रीमती मुर्मू का देश के इस सर्वोच्च पद पर आसीन होने पर समस्त जनजाति, गांव के अंतिम व्यक्ति और महिला शक्ति के उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि देश में श्री मोदी के कुशल नेतृत्व में वर्ष 2014 से बुनियादी बदलाव एवं वैचारिक मुद्दों के समाधान की दिशा में तेजी से काम हो रहे हैं। भारत 75वां अमृत महोत्सव मना रहा है, जो आज अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मन्दिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 के निस्तारण, दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन महाभियान का सफलतापूर्वक संचालन, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ मजबूती से आत्मनिर्भर बनने की ओर अग्रसर है। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि श्रीमती मुर्मू राष्ट्रपति पद को सुशोभित करेंगी, राष्ट्रपति पद का सम्मान बढ़ेगा। इन्होंने एक श्रेष्ठ शिक्षक बनकर बच्चों को शिक्षा दी, गरीबों के विकास के लिए कार्य किये, यह आदिवासी समाज की संस्कारवान महिला हैं। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया ने कहा कि देश का सौभाग्य है कि भारत के सबसे बड़े पद पर श्रीमती मुर्मू के पहुँचने से पूरी दुनिया में सकारात्मक संदेश जायेगा और देश की प्रथम आदिवासी महिला का राष्ट्रपति बनना ऐसे है जैसे श्री मोदी कोई हीरा खोजकर लाये हैं। क्योंकि श्रीमती मुर्मू जमीन से जुड़ी हुई, गरीब के दुःख-दर्द को समझने वाली, अंतिम व्यक्ति के घर तक बुनियादी सुविधाएं पहुँचाने के लिए संकल्पित महिला शक्ति हैं। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि श्रीमती मुर्मू की विधायकों एवं सांसदों से संवाद की यह 25वीं श्रृंखला है। इनके राष्ट्रपति बनने से भारत की शक्ति पूरी दुनिया में और बढ़ेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^