नीति निर्माण के बाद ही किशनगढ़ में आर्ट गैलरी खोलने पर विचार संभव-कल्ला
14-Feb-2023 07:59 PM 1234647
जयपुर, 14 फरवरी (संवाददाता) राजस्थान के कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने आज विधानसभा में कहा कि वर्तमान में प्रदेश में कला दीर्घा (आर्ट गैलरी) खोलने के संबंध में कोई नीति निर्धारित नहीं है और इस संबंध में नीति निर्माण के बाद ही किशनगढ़ में आर्ट गैलरी खोलने के बारे में कोई विचार किया जा सकता है। डॉ.कल्ला प्रश्नकाल में सदस्य द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि ललित कला अकादमी द्वारा प्रदेश के अलग-अलग संभागों में समय-समय पर कला प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाता है। हाल ही में जवाहर कला केन्द्र में कला मेले का आयोजन किया गया था। जिसमें राज्य के सभी जिलों एवं गांवों के कलाकारों ने अपनी कलाकृतियों का प्रदर्शन किया था। इससे पहले विधायक सुरेश टाक के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में कला एवं संस्कृति मंत्री ने अवगत कराया कि आर्ट गैलरी खोलने के संबंध में राज्य सरकार द्वारा कोई भी निर्णय गुणावगुण तथा उपलब्ध वित्तीय संसाधनों के आधार पर लिया जाता है और वर्तमान में किशनगढ़ में आर्ट गैलरी खोलने का कोई विचार नहीं है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^