पीड़ित मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म - मिश्र
19-Mar-2022 09:30 PM 1234628
जयपुर, 19 मार्च (AGENCY) राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा है कि पीड़ित मानवता की सेवा ही मनुष्य के लिए सबसे बड़ा धर्म है। श्री मिश्र आज यहां रोटरी क्लब, जयपुर के 75 वें स्थापना दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मनुष्य होने का अर्थ ही है मानव मात्र के लिए जरूर पड़ने पर काम आना। उन्होंने स्वयंसेवी संस्थाओं को नर सेवा को नारायण सेवा मानते हुए अधिकाधिक जनोपयोगी कार्य किए जाने पर जोर दिया। उन्होंने रोटरी क्लब जयपुर को अमृत महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी संस्था के लिए 75 वर्ष निरंतर सेवा कार्य करना दूसरों के लिए भी अनुकरणीय है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद का उदाहरण देते हुए कहा कि बेलूर में अपने गुरु रामकृष्ण परमहंस की स्मृति में मठ बनाने के लिए एकत्र राशि को स्वामी जी ने प्लेग रोग होने पर रोगियों की सेवा में लगा दिया था। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही ईश्वर की उपासना है। कोई भी राष्ट्र और समाज तभी सशक्त हो सकता है जब वहां के लोग मानव मात्र की सेवा को अपना परम धर्म मानकर कार्य करे। श्री मिश्र ने कोविड के दौरान विभिन्न संगठनों और रोटरी क्लब द्वारा पीड़ित मानवता के लिए किए गए कार्यों की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब, जयपुर जैसे संगठन आम जन में दूसरों के लिए समर्पित होकर कार्य करने की भावना जगाते हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^