प्रज्ञा सिंह को डी कंपनी के नाम पर धमकी देने वाला गिरफ्तार
08-Jul-2022 06:11 PM 1234656
भोपाल, 08 जुलाई (AGENCY) भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को डी कंपनी के नाम पर जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान हैदराबाद निवासी शेख नाजिर के रूप में हुयी है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी के बारे में जानकारी जुटायी और उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था। इसके चलते उसे दिल्ली में उस समय हिरासत में लिया गया, जब वह दिल्ली से हैदराबाद की फ्लाइट इंटरचेंज के दौरान इम्रिग्रेशन की प्रक्रिया में व्यस्त था। हिरासत में लेने के बाद पुलिस की अपराध शाखा की टीम आरोपी को यहां लायी और पूछताछ में उसने व्हाट्सएप कॉल के जरिए सांसद काे धमकी देने की बात स्वीकार कर ली। सूत्रों ने कहा कि आरोपी ने अंतर्राष्ट्रीय मोबाइल फोन नंबरों का उपयोग करके हाल ही में 18 जून को स्वयं को इब्राहिम कॉस्कर ग्रुप का व्यक्ति बताया और सांसद को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल का उपयोग किया था। आरोपी ने फोन पर सांसद से कहा था कि तीन दिनों के अंदर उनकी हत्या कर दी जाएगी। आरोपी ने इसके बाद अपना फोन भी बंद कर लिया था। इस बीच सांसद की शिकायत पर यहां टीटीगनर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर प्रकरण जांच के लिए साइबर क्राइम शाखा काे सौंप दिया। सूत्रों ने कहा कि साइबर क्राइम शाखा ने तकनीकी बिंदुओं के आधार पर आरोपी के बारे में जानकारी जुटायी और एक टीम को हैदराबाद भी भेजा गया। इसके बाद आरोपी के बारे में पूरी जानकारी मिल गयी। इसके बाद उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया। आरोपी दसवीं तक पढ़ा लिखा है और मूल रूप से प्लंबर है। मामले की गंभीरता को देखकर आरोपी के संबंध में भी और भी जानकारियां जुटायी जा रही हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^