01-Nov-2022 07:39 PM
1234639
अजमेर 01 नवम्बर (संवाददाता)राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि पुष्कर में ब्रह्मा मंदिर तथा दरगाह शरीफ भी अजमेर की पहचान है। यहां से सुख शांति, सद्भाव का संदेश पूरे देश प्रदेश में जाए ऐसी मेरी कामना है।
श्री गहलोत आज अजमेर के पुष्कर मेला मैदान पर विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना करने एवं ध्वजारोहण के पश्चात पवित्र पुष्कर सरोवर के ब्रह्म घाट पर दीपदान कार्यक्रम में शिरकत की तथा पवित्र सरोवर की महाआरती करने के बाद अपना संक्षिप्त संबोधन दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरोवर के सभी 52 घाटों पर सवा लाख दीपक का दीपदान नई शुरुआत है जो यहां आजादी के बाद पहली बार संभव हो सकी है। इसके लिए मैं सभी को साधुवाद देता हूँ। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बाद अब लम्पी रोग गौ माता मे फैला है जिसके चलते पशु मेला नहीं हो पाया लेकिन मैं अपनी ओर से सभी को शुभकामना देता हूँ।
पुष्करराज ..पावन धाम.. बताते हुये श्री गहलोत ने कहा कि यहां से यह संदेश देश में प्रदेश में जाए और सभी जाति धर्म के लोग शांति, सद्भाव, प्यार तथा भाईचारे से रहे। इस मौके पर पुरोहितों ने सरोवर में गंदे पानी आवक की पीड़ा को उजागर किया तो मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि इस समस्या का निदान जल्द हो जाएगा क्योंकि कलेक्टर साहब ने बताया है कि 98 लाख का टेंडर लग चुका है।
इससे पहले पुष्कर मेला मैदान पर भी नई परंपरा की शुरुआत हुई जब पहली बार पुष्कर मेले का आगाज संध्याकाल में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के ध्वजारोहण के साथ मुख्यमंत्री ने किया। इस मौके पर पुलिस बैंड ने कणप्रिय धुन बजाई। पंडित कैलाशचंद शर्मा और उनकी टीम ने विधिवत पूजा अर्चना कराई।
इसके बाद श्री गहलोत विभिन्न विभागों की विकास कार्य प्रदर्शनी का उद्घाटन करने पहुंचे और विभिन्न स्टॉलों पर जाकर चर्चा की। उन्होंने अजमेर बंदी उत्पाद प्रदर्शनी मे खासी रुचि दिखाई। उन्होंने सूत काट रहे कैदी से बातचीत की। इसके बाद मुख्यमंत्री गहलोत ने स्मार्ट सिटी योजना के तहत 110 करोड़ रुपये के विभिन्न तीस विकास कार्यों का ऑनलाइन लोकार्पण किया जिसमें अजमेर में बने सेवन वंडर पार्क योजना भी शामिल हैं।
पुष्कर यात्रा के अंतिम कार्यक्रम के रूप में उन्होंने जगतपिता ब्रह्मा मंदिर पहुंचकर सृष्टि के रचियता ब्रह्मा जी के दर्शन किए, उनकी आरती उतारी तथा प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
इससे पहले श्री गहलोत उदयपुर से सीधे पुष्कर पहुंचे जहां हैलीपैड पर जिले के प्रभारी मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय ने उनकी अगवानी की। पुष्कर मेला मैदान पर आयोजित पूजा में पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत, मेला प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय बोराणा, विधायक गंगादेवी एवं धीरज गुर्जर, सांसद भागीरथ चौधरी, पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत, प्रदेश कांग्रेस की उपाध्यक्ष नसीम अख्तर इंसाफ, पुष्कर के पूर्व विधायक डॉ श्रीगोपाल बाहेती, अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा, पुष्कर नगरपालिका अध्यक्ष कमल पाठक, पुष्कर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मंजू कूर्डिया के अलावा संभागीय आयुक्त बीएल मेहरा, अजमेर रेंज आईजी रुपिंदर सिंह, कलेक्टर अंशदीप, पुलिस अधीक्षक चूनाराम जाट सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि श्री गहलोत द्वारा अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले का शुभारंभ कर दिए जाने के बाद अब आगामी आठ दिसंबर तक नियमित लोक कला एवं संस्कृति के रंग बिखरेंगे। यहां कैंडल बैलून एवं आतिशबाजी का आयोजन होगा तथा वीणा कैसेट द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे। चार नवंबर से पंचतीर्थ स्नान एकादशी पर शुरू होगा और आठ नवंबर कार्तिक पूर्णिमा तक चलेंगे। पूरे मेले क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं।
2500 पुलिस के जवान चौबीस घंटे बारी बारी से ड्यूटी पर रहेंगे। यात्रियों के आवागमन के लिए रोडवेज की विशेष बसें चलाई गई है और पुष्कर मेला क्षेत्र में चौबीस घंटे चिकित्सा तथा अजमेर डेयरी ने दूध की व्यवस्था की है। पुष्कर इस समय दुल्हन की तरह रोशनी से लबरेज है।...////...