रामेश्वर डूडी की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
27-Aug-2023 01:17 PM 1234658
जयपुर 27 अगस्त (संवाददाता) कांग्रेस के नेता एवं राजस्थान कृषि उद्योग विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामेश्वर डूडी की आज सुबह अचानक तबीयत बिगड़ जाने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री डूडी की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गए। उन्हें तुरंत मानसरोवर के मंगलम प्लस मेडिसिटी अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ है। इसके बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अस्पताल पहुंचकर श्री डूडी की कुशलक्षेम पूछी। श्री गहलोत ने चिकित्सकों और परिजनो से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना की। उन्होंने मंगलम अस्पताल में सवाई मान सिंह अस्पताल के अधीक्षक एवं न्यूरो विशेषज्ञ डा अंचल शर्मा एवं अन्य चिकित्सकों से बातचीत की। इसके बाद उन्हें एसएमएस अस्पताल में शिफ्ट किया गया जहां उनका ऑपरेशन किया जायेगा। श्री डूडी अभी वेंटीलेटर पर है। उल्लेखनीय है कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे श्री डूडी की अध्यक्षता में सोमवार को यहां राज्य कृषि प्रबंध संस्थान दुर्गापुरा में प्रगतिशील किसान, कृषि व्यवसायी एवं कृषि निर्यातकों का राज्य स्तरीय सम्मेलन होना था लेकिन अब उसे स्थगित कर दिया गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^