सामाजिक समरसता के भाव को पोषित करेंगी स्नेह यात्राएं : शिवराज
23-Aug-2023 04:09 PM 1234803
भोपाल, 23 अगस्त (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि स्नेह यात्रा अद्भुत आनंद की यात्रा है, जो संतों की ताकत बता रही है। श्री चौहान ने कहा कि संतों के पुण्य सानिध्य तथा आशीर्वाद से मध्यप्रदेश की भूमि धन्य हो रही है। स्नेह यात्रा कर संतों ने समाज को एकजुट करने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। समरसता, समन्वय और सहभागिता पर केंद्रित महाभियान पुन: चलाया जायेगा। समाज को जोड़ने वाली यह यात्रा अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्नेह यात्रा के अनुभवों पर आधारित एक पुस्तक तथा डॉक्युमेंट्री भी तैयार की जाएगी, जो लंबे समय तक सामाजिक समरसता के भाव को पोषित करेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान प्रदेश के 53 जिलों में निकल रही स्नेह यात्रा में शामिल पूज्य साधु-संतों से वीडियो कान्फ्रेसिंग द्वारा गत दिवस निवास कार्यालय से चर्चा कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि साधु-संतों के प्रेरक मार्गदर्शन में सकारात्मक और सार्थक वातावरण के निर्माण, सामाजिक समरसता, सामाजिक जीवन में एकात्म भाव के प्रतिपादन तथा समाज को विखंडित करने वाली शक्तियों के विरुद्ध ऊंच-नीच से परे एकीकरण के उद्देश्य से स्नेह यात्राऐं निकाली जा रही हैं। प्रदेश के 53 जिलों में 16 से 26 अगस्त तक निकाली जा रहीं इन यात्राओं में देश के 72 पूज्य संत सम्मिलित हो रहे हैं। संत- समाज, शासन, संस्थान, समन्वय, समरसता और सहभागिता इन यात्राओं के मूल घटक हैं। स्नेह यात्राओं से समाज को भारत की ज्ञान परंपरा के नेतृत्वकर्ता संतों का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। जनसहभागिता से संचालित इन यात्राओं में सामाजिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संगठनों की सक्रियता से समाज में देशज सामग्री के उपयोग को प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्नेह यात्रा में प्रदेश के 53 जिलों के 207 विकासखंडों की तीन हजार 980 बस्तियों व ग्रामों में अब तक तीन हजार 618 संवाद कार्यक्रम हुए हैं। यात्रा ने तीन हजार 640 किलोमीटर लम्बी दूरी तय की है। इस अभियान में 25 से अधिक सामाजिक/सांस्कृतिक संगठन सहभागिता कर रहे हैं। यात्रा में संत, नशा-मुक्ति और पौध-रोपण जैसे सामाजिक सरोकार के कार्यों के लिए लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^