सत्ता में आने पर उस राज्य को आलाकमान के लिए एटीएम बना देती है कांग्रेस : शर्मा
14-Oct-2023 04:13 PM 1234647
भोपाल, 14 अक्टूबर (संवाददाता) भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष और लाेकसभा सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने आज आरोप लगाया कि कांग्रेस अगर किसी भी प्रदेश में गलती से भी सत्ता में आ जाती है तो उस राज्य को अपने आलाकमान के लिए एटीएम बना देती है। श्री शर्मा ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान पिछले दिनों कर्नाटक में कांग्रेस के एक नेता के परिसरों पर आयकर विभाग के छापों का संदर्भ दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अगर गलती से किसी प्रदेश में सत्ता में आती है तो वो उस प्रदेश को एटीएम बना देती है। कर्नाटक में कांग्रेस के नेताओं के यहां छापे में करोड़ों का कैश बरामद हुआ है। इसका उपयोग कांग्रेस चार प्रदेशों में चुनाव में करने वाली थी। उन्होंने कहा कि जिस अंबिकापति के यहां छापे पड़े हैं, ये वही व्यक्ति है, जिसने कर्नाटक में तत्कालीन भाजपा सरकार पर 40 फीसदी कमीशन का झूठा आरोप लगाया था। उसी के घर से कांग्रेस का पैसा बरामद हुआ है। इससे पता चल गया है कि कौन कमीशनखोर है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस गलती से भी अगर सत्ता में आ जाती है तो एक परिवार के इशारे पर उस राज्य का दोहन करती रहती है। 15 महीने की मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार में राज्य को भी भ्रष्टाचार का एटीएम बना दिया गया था। कांग्रेस गरीबों की कमाई लूट कर अपने आलाकमान के दरबार में पहुंचाती है। तत्कालीन कमलनाथ सरकार में 281 करोड़ रुपए की राशि श्री कमलनाथ के दो सहायकों के यहां पकड़ी गई और वो पैसा ऊपर तक गया। अब ऐसी ही लूट दिल्ली में बैठे अपने आकाओं के इशारे पर कांग्रेस कर्नाटक में कर रही है। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि झारखंड में भी कांग्रेस के समर्थन से चल रही सरकार में मुख्यमंत्री तक पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं। छत्तीसगढ़ में भी लगातार घोटाले हो रहे हैं और राजस्थान में लाल डायरी के नाम से स्वयं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत घबरा रहे हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^