शिवराज को मिला अयोध्या में हो रहे विशेष आयोजन का निमंत्रण
08-Sep-2022 03:55 PM 1234781
भोपाल, 08 सितम्बर (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से आज मुख्यमंत्री निवास पर पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ल के साथ सतना जिले के प्रमुख संत मिले। श्री चौहान को 5 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक अयोध्या धाम में हो रहे धार्मिक कार्यक्रम का निमंत्रण दिया गया। मुख्यमंत्री को बताया गया कि स्वामी रामहर्षणदेवाचार्य द्वारा संपन्न श्री मंत्रराज अनुष्ठान के रजत जयंती महामहोत्सव पर देश के विभिन्न प्रांतों के जगतगुरू, शंकराचार्यों, महामंडलेश्वरों और दिव्य संतों का समागम रामजन्म भूमि अयोध्या क्षेत्र में हो रहा है। विश्व के अन्य देशों के संत भी इसमें शामिल होंगे। विराट संत सम्मेलन में 108 कुण्डीय श्री राममंत्र महायज्ञ, 501 श्रीमद् भागवत पारायण, वाल्मीकि रामायण (रामकथा), 13 करोड़ षड़ाक्षर श्री राम मंत्र जप एवं विशाल कलश यात्रा भी होगी। यह कार्यक्रम श्री रामहर्षण मैथिल सख्य पीठधर्मार्थ सेवा ट्रस्ट, चारूशीला मंदिर, जानकी घाट, श्री अयोध्या धाम में होगा। श्री चौहान ने कहा कि यह सम्मेलन निश्चित ही व्यापक रूप से भक्त जन को परस्पर जोड़ेगा। मध्यप्रदेश से भी इसमें सहभागिता रहेगी। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आमंत्रित किया गया है। इस दौरान रामकथा व्यास श्रीमद् जगद्गुरु द्वाराचार्य श्री 108 डॉ राजेंद्र देवाचार्य एवं श्रीमद् जगद्गुरु रामानंदाचार्य और श्री 1008 स्वामी वल्लभाचार्य महाराज का भी सानिध्य प्राप्त होगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^