सिंधिया हीरा, जिन्हें कांग्रेस ने गंवा दिया : उमा
18-Jul-2023 12:28 PM 1234645
शिवपुरी, 18 जुलाई (संवाददाता) मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को ऐसा हीरा बताया है, जिनकी वजह से पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनी, लेकिन बाद में कांग्रेस ने इस हीरे को गंवा दिया। सुश्री भारती ने कल शाम यहां संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि श्री सिंधिया हीरा हैं, जिन्हें कांग्रेस ने गंवा दिया है। उन्होंने दावा किया कि पिछले विधानसभा चुनाव में श्री सिंधिया की वजह से कांग्रेस की सरकार बनी, उन्हीं की वजह से वो सरकार गिरी और भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी। उन्होंने ये भी दावा किया कि कांग्रेस के पास अब कोई ऐसा नेता नहीं है, जो उन्हें पूर्ण बहुमत दिला सके। भारतीय जनता पार्टी के संदर्भ में उन्होंने कहा कि आज के समय में पार्टी में कोई व्यक्ति या कोई चेहरा महत्वपूर्ण नहीं है, पार्टी का कार्यकर्ता और झंडा सबसे महत्वपूर्ण है। पार्टी में कार्यकर्ता एवं झंडे को आगे रखकर ही चुनाव लड़ा जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदर्भ में सुश्री भारती ने कहा कि आज के समय में उनका राजनीतिक कद बहुत बड़ा है। उनके राजनीतिक कद के सामने विपक्षी पार्टियों के नेता कोसों पीछे हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^