26-Dec-2021 03:50 PM
1234648
भोपाल, 26 दिसंबर (AGENCY) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह पर आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने जमकर हमला बोलते हुए कहा कि वे सिर्फ मीडिया में स्थान पाने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और हिंदुत्व को लेकर बयान देते रहते हैं।
श्री शर्मा ने यहां प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा में यह बात कही। उन्होंने कहा कि अब मीडिया को भी विचार करना चाहिए कि क्या श्री सिंह के इस तरह के बयानों पर गौर किया जाना चाहिए। श्री शर्मा ने यह भी कहा कि यदि श्री सिंह को हिंदुत्व से इतनी इलर्जी है, तो वे जो भी धर्म अच्छा लगे, उसे स्वीकार क्यों नहीं कर लेते हैं।
श्री शर्मा ने कहा कि अब पूरे देश में लोग श्री दिग्विजय सिंह को सुनना पसंद नहीं करते हैं। अब मीडिया को भी इस पर गौर करना चाहिए कि वे ऐसा क्यों बोलते हैं। यह शर्मनाक है कि जो व्यक्ति दस वर्ष तक इस राज्य का मुख्यमंत्री रहा और वो सिर्फ मीडिया में आने के लिए हिंदुत्व और संघ को लेकर बोलते रहते हैं। आखिरकार नए बयान को लेकर भी हमें पांच दस मिनट समाज और अपने खराब करने पड़ रहे हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जो व्यक्ति देशविरोधी ताकतों के साथ खड़ा रहता है। जिसे हिंदुत्व के खिलाफ बोलने में आनंद आता है और उसे हिंदुत्व से इतनी इलर्जी है, तो उन्हें उस धर्म या संस्कृति में जाना चाहिए, जहां उन्हें अच्छा लगता है। उन्होंने दोहराया कि श्री सिंह ने हमारी संस्कृति पर आक्रमण मीडिया में आने के लिए करते हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है और कांग्रेस को भी इस पर संज्ञान लेना चाहिए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री सिंह ने कल यहां पार्टी के एक कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर सावरकर और गौमाता को लेकर बयान दिए थे। इसी संबंध में श्री शर्मा की प्रतिक्रिया आयी है।...////...