ठाकुर ने राजस्थान में 33 खेलो इंडिया केंद्रों का किया उद्घाटन
23-Aug-2023 07:30 PM 1234637
जयपुर 23 अगस्त (संवाददाता) केंद्रीय खेल और युवा मामले तथा सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने राजस्थान में 33 खेलो इंडिया केंद्रों का बुधवार को यहां शुभारंभ किया। श्री ठाकुर ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम के इंडोर स्टेडियम में इनका शुभारंभ करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश में पिछले कुछ सालों में खेलों में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि इस बदलाव में खेलो इंडिया की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि खेल, राज्य का विषय है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भी देश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने कहा कि यदि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर खेलों को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त रूप से काम करेंगे तो देश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में निश्चित रूप से बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे और भारत के लिए और अधिक पदक आएंगे। इस अवसर पर उन्होंने राजस्थान में अतिरिक्त 18 खेलो इंडिया केंद्रों के साथ एक समर्पित खेल विज्ञान केंद्र एवं एक राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जाने की भी घोषणा की। उल्लेखनीय है कि देश भर में 23 राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र हैं। इस प्रकार 18 अतिरिक्त केन्द्र स्थापित होने के बाद राजस्थान में खेलो इंडिया केंद्रों की कुल संख्या 51 हो जाएगी। श्री ठाकुर ने देशभर के खेलो इंडिया केन्द्रों के बीच प्रतिस्पर्धा कराने की भी घोषणा की। साथ ही ‘कोचिंग द कोच’ कार्यक्रम के तहत खेलो इंडिया के कोचेज़ को प्रशिक्षण देने की भी घोषणा की। खेलो इंडिया योजना और टारगेट ओलंपिक पोडियम योजनाओं की सफलता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के परिणामस्वरूप पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमारे खिलाड़ी ओलंपिक, पैरालंपिक एवं राष्ट्रमंडल खेलों में अधिक पदक जीतने में सफल हुए हैं वहीं थॉमस कप जैसी खेल प्रतियोगिताओं में भी हमने जीत हासिल की है। हमारी खिलाड़ी अंतिम पंघाल ने दो बार यू20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रचा है। साथ ही शतरंज खिलाड़ी प्रगनानंद ने विश्व कप के फाइनल में पहुंचकर देश को गौरवावन्वित किया है। उन्होंने कहा “ पिछले 60 वर्षों में विश्व विश्वविद्यालय खेलों में केवल 18 पदक मिले थे। जबकि इस साल आयोजित टूर्नामेंट में हमने 26 पदक जीते हैं।” खेलो इंडिया के महत्व का उल्लेख करते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि इस सफलता में खेलो इंडिया की एक बड़ी भूमिका है। हर साल, कई एथलीट युवा, विश्वविद्यालय और शीतकालीन खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले पा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन खेलो इंडिया केंद्रों के माध्यम से राजस्थान के अधिक से अधिक एथलीट यहां से तैयार होंगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 17 हजार से अधिक एथलीट खेलो इंडिया केन्द्रों में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और इन केन्द्रों पर देशभर में 699 पूर्व चैंपियन एथलीटों को खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने का दायित्व दिया गया है। भारत में 960 खेलो इंडिया केंद्र हैं, जिनमें से 715 में प्रशिक्षण चल रहा है। राजस्थान में कुल 33 खेलो इंडिया केंद्र हैं, जिनमें से 32 क्रियाशील हैं। ये केंद्र साइकिलिंग, बास्केटबॉल, वुशु, हॉकी जैसे खेलों का प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ब्लॉक या जिला स्तर पर स्कूलों, संगठनों में उपलब्ध मौजूदा बुनियादी खेल ढांचे के उपयोग को बढ़ाने के लिए, छोटे खेलो इंडिया केंद्र जमीनी स्तर पर अपनी भूमिका निभा रहे हैं। खेलो इंडिया केन्द्रों पर भूतपूर्व एथलीट युवाओं के लिए कोच और सलाहकार के रूप में काम कर स्वायत्त तरीके से खेल प्रशिक्षण केंद्र चलाते हैं और अपनी आजीविका कमाते हैं। खेलो इंडिया योजना के तहत इन पूर्व चैंपियनों के साथ-साथ इन केंद्रों को खेल प्रशिक्षण, कोचिंग और संचालन के लिए प्रारंभिक और वार्षिक वित्तीय सहायता भी प्रदान की जाती है। कार्यक्रम में राजस्थान के युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री अशोक चांदना, राज्य क्रीड़ा परिषद की अध्यक्ष कृष्णा पूनियां, विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष डा सतीश पूनियां आदि भी मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^