10-Apr-2023 05:00 PM
1234635
शमशाबाद (विदिशा), 10 अप्रैल (संवाददाता) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने आज दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 116 से ज्यादा सीटें हासिल होंगी और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ही इस बार भी पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। श्री सिंह ने यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि वे राज्य भर में हर विधानसभा में पार्टी संगठन के साथ चर्चा कर उस क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बात सुन रहे हैं। ये पार्टी की चुनावी तैयारी का प्रयास है। ये बैठकें पार्टी के अंदर की आलोचना के लिए नहीं, भाजपा को हराने की तैयारी के लिए हैं। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस को प्रदेश में सरकार बनाने के लिए 116 सीटें चाहिए, पार्टी को उससे ज्यादा सीटें मिलेंगी। मुख्यमंत्री पद का कांग्रेस में बस एक ही चेहरा हैं, वो श्री कमलनाथ हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकल्प से जुड़े सवाल पर श्री सिंह ने कहा कि देश में संसदीय प्रणाली है, जिसमें पार्टी जीतती है, कोई व्यक्ति नहीं। भारतीय जनता पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के महिलाओं पर दिए बयान के संदर्भ में श्री सिंह ने कहा कि श्री विजयवर्गीय को इस प्रकार के बयान पर माफी मांगना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना लाड़ली बहना योजना के बारे में कांग्रेस नेता श्री सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार को साढ़े 18 साल में अपनी बहनों की याद नहीं आई। ये योजना सिर्फ एक चुनावी स्टंट है।...////...