विधिवत पूजन के बाद भाजपा की यात्राओं के रथ रवाना
02-Sep-2023 04:28 PM 1234773
भोपाल, 02 सितंबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जाने वाली पांच जन आशीर्वाद यात्राओं के रथों को आज पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने पूजन के बाद रवाना किया। रथों के पूजन के दौरान केन्द्रीय मंत्री व चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक नरेन्द्र सिंह तोमर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश सह चुनाव प्रभारी अश्विनी वैष्णव, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा उपस्थित रहे। भाजपा की ये यात्राएं कल से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से प्रारंभ होंगी। पांच यात्राओं का समापन 25 सितंबर को राजधानी भाेपाल में आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ में होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जनता ने पहले भी भाजपा को आशीर्वाद दिया है और इस बार भी मिलेगा। जनता का आशीर्वाद लेने एक बार फिर जन आशीर्वाद यात्राएं शुरू हो रही हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने काम से जानी जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के काम हुए हैं। मध्यप्रदेश में भी अधोसंरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित हर क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हुए हैं।उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वह ज्यादा से ज्यादा संख्या में इन यात्राओं में शामिल होकर अपना आशीर्वाद दें।कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पार्टी ने विकास और गरीब कल्याण के कार्यों से जनता का विश्वास जीता है। आगामी चुनावों के लिए जनता का आशीर्वाद लेने पार्टी यात्राओं का आयोजन कर रही है, जिनके माध्यम से पार्टी के वरिष्ठ नेता जनता का आशीर्वाद मांगेंगे। इन्हीं यात्राओं के लिए रथों को आज रवाना किया जा रहा है। श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी 25 सितंबर को कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करेंगे और इन यात्राओं का विधिवत समापन करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी नेता सुझाव पेटियों जिन्हें अमृतकाल की आकांक्षा नाम दिया गया है, के माध्यम से जनता के सुझाव लेंगे, जिनके आधार पर पार्टी अपना घोषणा पत्र तैयार करेगी। जन आशीर्वाद यात्रा रथों के पूजन के साथ पार्टी नेताओं ने अमृत काल की आकांक्षा नाम सुझाव पेटी को लांच किया। इस पेटी में जनता अपने लिखित सुझाव डालेगी, जिनके आधार पर पार्टी का घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - timespage | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^